मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को बड़ा झटका लगा है. नीतीश मंत्रिमंडल सदस्य महेश्वर हजारी के बेटे सन्नी हजारी ने शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गये। कांग्रेस में शामिल होने के बाद सन्नी हजारी ने कहा कि पिता की नाराजगी के बावजूद उन्होंने कांग्रेस जॉइन किया है। कॉंग्रेस पार्टी अगर भरोसा जताती है तो पार्टी को समस्तीपुर से जीत दिलाने का काम करेंगे।
लोकसभा चुनाव के पहले यह समस्तीपुर में कांग्रेस के लिए बड़ी मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है। समस्तीपुर संसदीय सीट इस बार कांग्रेस के खाते में हैं। महागठबंधन प्रत्याशी के तौर पर अब कांग्रेस किसे उम्मीदवार बनाएगी यह बड़ा सवाल बना हुआ है। फ़िलहाल कई नामों की चर्चा चल रही है। इस बीच सन्नी का कांग्रेस में शामिल होना एक बड़ा सियासी संकेत है।
बता दें कि बिहार में महागठबंधन में अब तक 13 सीटों पर उम्मीदवार घोषित नहीं हुए हैं। इनमें राजद और कांग्रेस दोनों के कोटे की सीटें शामिल हैं। राजद कोटे में आई 26 सीटों में सात जबकि कांग्रेस को मिली सीटों में छह ऐसी हैं, जिन पर उम्मीदवार तय नहीं हो पाए। समस्तीपुर से एनडीए प्रत्याशी के तौर पर लोजपा (रामविलास) के टिकट पर संभावी चौधरी उम्मीदवार हैं। माना जा रहा है कि समस्तीपुर में कांग्रेस से लोकसभा उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर सन्नी की कोई बड़ी डील हुई है।