आरा में शनिवार की देर शाम VVPAT (EVM) वेअरहाउस के गार्ड रूम में एक सुरक्षाकर्मी ने सुसाइड कर लिया। अपने ही राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सुरक्षाकर्मी ने अपने लाइसेंसी इंसास राइफल से माथे के बीचो-बीच गोली मारी है। इससे उसकी ऑन द स्पॉट मौत हो गई। घटना शहर के नवादा थाना क्षेत्र के ब्लॉक रोड स्थित कृषि भवन की है। जवान की अगले महीने ही शादी होने वाली थी। साथी जवान ने बताया कि दो-तीन दिन से हेमंत काफी गुमसुम और परेशान रहता था।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही डीएम राज कुमार, एसपी प्रमोद कुमार, एएसपी परिचय कुमार और नवादा थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह सहित पुलिस के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं। मृतक जवान मूल रूप से पटना जिला के घोषवारी थाना क्षेत्र के शहरी गांव निवासी शिव पासवान का बेटा हेमंत कुमार (27) है। वह बिहार पुलिस जवान था। नवंबर माह में वीवी पैट में उसकी पोस्टिंग हुई थी।
हेमंत कुमार डीएपी 151 अंतर्गत एपी पुलिस केंद्र आरा के कृषि भवन में वीवी पैट गोदाम में सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत था। इधर, भोजपुर डीएम राज कुमार ने बताया कि हमारे यहां और ईवीएम वेयर हाउस में तीन सुरक्षाकर्मी तैनात थे। जो 24 घंटे सुरक्षा में थे। उसमें से एक हेमंत कुमार भी थे। जो जिला बाल 151 प्रतिनियुक्ति में थे। उनके साथ एक और सुरक्षाकर्मी भी थे, जो सब्जी लेने के लिए बाजार गए थे। जब वह बाजार से वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि रूम का दरवाजा अंदर से लॉक है।
जब उसने खिड़की से झांक कर देखा तो हेमंत कुमार जमीन पर गिरे थे और खून बह रहा था। इसके बाद उन्होंने अपने वरीय पदाधिकारी को इसकी सूचना दी। स्थानीय थाना प्रभारी, एएसपी और एसपी साहब मौके पर पहुंचे। इसके बाद वीडियोग्राफी की गई और हथौड़ी से तोड़कर दरवाजा को खोला गया। उन्होंने बताया कि जो इंसास राइफल उन्हें निर्गत की गई थी उसी राइफल से गोली चली है।
कहीं से भी गेट खुलने और किसी की एंट्री होने की कोई संभावना नहीं है। जिसे देखते हुए प्रथम दृष्टया आत्महत्या करने का मामला लग रहा है। डीएम ने बताया कि हो सकता है उनकी कोई निजी कारण रहा होगा। इस संदर्भ में उनके परिवार वालों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद ही सही जानकारी मिल पाएगी।