मौसम विभाग ने बिहारवासियों को राहत भरी खबर दी है। मार्च महीने का अंतिम चरण बारिश के बिना समाप्त होने वाला है। होली के दिन बांका, वैशाली सहित कुछ जिलों में हल्की बारिश देखी गई थी, लेकिन अब आने वाले दिनों में बारिश, मेघ गर्जन या बिजली गिरने की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, मार्च के बचे हुए दिनों में आसमान साफ रहेगा। सूरज और बादलों के बीच लुका-छिपी का खेल जारी रह सकता है, लेकिन कुल मिलाकर मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि होली के दिन उत्तर मध्य, दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्व बिहार के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। 25 मार्च को राज्य में सबसे अधिक तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस बक्सर में दर्ज किया गया था। सबसे कम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस अगवानपुर में और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस वैशाली और मुजफ्फरपुर में रिकॉर्ड किया गया।
बिहार के कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं, लेकिन सूरज की किरणें निकल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज का दिन भी शुष्क रहने का अनुमान है।
आने वाले दिनों के लिए अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
गौरतलब है कि होली के पर्व पर सुबह के समय दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छाया हुआ देखा गया था। बांका, बेगूसराय, वैशाली और शेखपुरा उन जिलों में शामिल थे जहां कोहरा देखा गया।