बिहार की सियसत में नए ट्विस्ट एंड टर्न आते रहते हैं। आए दिन किसी नए मुद्दे को लेकर सियासी पार्टियों के बीच वार-पलटवार तेज हो जाता है। फिलहाल बिहार की सियासत प्राइवेट जेट की सवारी कर रही है। दरअसल कुछ दिनों पहले बिहार कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार सरकार के लिए प्राइवेट जेट खरीदने को मंजूरी दी थी। जिसकी कीमत लगभग 250 करोड़ रुपए बताई जा रही है। ये जेट 10 से 12 सीटर होगी। राज्य सरकार की माने तो 12 सीटर जेट विमान इसलिए भी खरीदी जा रही है क्योंकि सरकारी कार्यक्रम के दौरान 12 सीटर जेट विमान की ही आवश्यकता होती है। अब इसी जेट को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी आमने-सामने आ गए हैं।
बिहार के विकास का ‘PK प्लान’, नई व्यवस्था को लेकर लोगों को कर रहे जागरूक
जेट खरीदी पर भाजपा के सवाल
बिहार सरकार ने जब से प्राइवेट जेट खरीदने को मंजूरी दी है, तभी से भाजपा बिहार सरकार पर हमलावर है। भाजपा के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने सवाल करते हुए कहा कि राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को तो विभिन्न देशों में जाना पड़ता है। इसलिए उन्हें प्राइवेट जेट की जरूरत होती है। मुख्यमंत्री को अपने राज्य के बाहर साल में 2-4 बार ही जाना पड़ता है। लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तो वो भी नहीं जाते हैं फिर 250 करोड़ का जेट क्यों ख़रीदा जा रहा है? जबकि जेट प्लेन बिहार में केवल 4 जगह ही उतर सकता है।
नीतीश बोले भाजपा वाले करते थे मांग
जेट की खरीद पर सुशील मोदी के बयान पर खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पहले हमलोग भाड़ा पर जेट लाते थे लेकिन अब अपना खुद का जेट बिहार के पास आ जाएगा तो अच्छा रहेगा। उन्होंने कहा कि ये सभी के हित के लिए किया गया है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि जब भाजपा वाले हमारे साथ थे तब वो लोग भी जेट खरीदने की मांग करते थे। खुद सुशील मोदी भी बोलते थे कि नया जेट ख़रीदा जाना चाहिए।
सुशील मोदी का दोहरा प्रहार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान पर एक बार फिर सुशील मोदी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। इस बार उन्होंने दोहरा प्रहार किया, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को भी उन्होंने अपने लपेटे में लिया। सुशील मोदी ने कहा कि 5 साल किराए पर हेलीकॉप्टर लिया तो अब अंतिम समय में क्यों ख़रीदा जा रहा है? उन्होंने कहा कि क्या तेजस्वी का जन्मदिन हवा में मनाने के लिए जेट लिया जा रहा है?
अपने ऊपर लगाए गए आरोपों पर सुशील मोदी ने कहा कि मेरे समय में तो 6-6 बार हेलीकॉप्टर ख़रीदने का कोई टेण्डर नहीं हुआ था। अब राज्यों ने एयरक्राफ्ट ख़रीदना बंद कर दिया है। अब राज्य एयरक्राफ्ट लीज पर लेते हैं। बिहार ने भी 5 साल के लिए लीज़ पर लिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में जिसने भी प्लेन ख़रीदा उसने कार्यकाल पूरा नहीं किया है। बूटा सिंह और सत्येन्द्र बाबू ने ख़रीदा था उनका क्या हाल हुआ सबको पता है। इसलिए नीतीश कुमार जेट लेने से पहले एक बार सोच लेना चाहिए।