बिहार में नई सरकार का गठन और विवाद साथ साथ चल रहे हैं। हर दिन नया विवाद सामने आ रहा है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव अपने सलाहकार के साथ सरकारी बैठक में दिखते हैं। तो तेजप्रताप यादव तो अपनी विभागीय बैठक में अपने जीजा को ही ले जाते हैं। आरोप लगे तो पलटवार भी हुआ। यह पलटवार किया लालू की बेटी रोहिणी आचार्या ने। लेकिन रोहिणी के अश्विनी चौबे पर लगा आरोपों पर उनके बेटे ने जवाब दिया है।
अश्विनी चौबे की बैठक में अर्जित!
तेजप्रताप यादव के साथ विभागीय बैठक में उनके बहनोई शैलेश के शामिल होने का मामला गरमाया तो राजद के प्रवक्ता चितरंजन गगन ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की तस्वीरों को साझा किया। इसमें उनके बेटे अर्जित चौबे एक कार्यक्रम में साथ हैं। इसी तस्वीर पर रोहिणी ने ट्वीट कर दोनों पर आरोप लगाए।
आरोप का अर्जित ने दिया जवाब
रोहिणी के आरोपों पर मंत्री अश्विनी चौबे के पुत्र सह भाजपा नेता अर्जित चौबे ने पलटवार किया। फेसबुक लाइव में अर्जित ने कहा कि राजद मेरे संदर्भ में तथ्यहीन बातों को बताकर बिहार के लोगों के आंखों में धूल झोंक रही है। लालू यादव की बेटी रोहिणी पर हमला बोलते हुए अर्जित ने कहा कि उन्हें सरकारी और गैर सरकारी कार्यक्रम में अंतर समझ नहीं आता है। यह भी कहा कि वो अपने भाइयों की तरह ही अज्ञानता का परिचय दे रही हैं। राजद के बारे में उन्होंने लिखा कि ये परमज्ञानियों की पार्टी है और इनके नेता दसवीं पास नहीं कर पाते।