छठ महापर्व का त्योहार बिहार में हमेशा ही खास रहता है। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार के बारे में एक बात सामने आई कि उनके परिवार के लोग मानते हैं कि छठ मइया की कृपा से ही वे सीएम बनें। साथ ही परिवार के लोग ये कामना भी कर रहे हैं कि छठ मइया ही उन्हें पीएम बनाएंगी। दरअसल, सीएम नीतीश की बड़ी बहन ऊषा देवी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हम लोगों ने मन्नत मांगी थी कि भाई मुख्यमंत्री बन जाए। छठी मइया ने हमारी कामना पूरी कर दी। इस बार छठी मइया से भाई के पीएम बनने की कामना की है। नीतीश कुमार बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं।
ऊषा देवी ने कहा कि नीतीश कुमार कहीं भी रहें लेकिन छठ की पूजा में जरूर शामिल होते हैं। घर पर प्रसाद लेने आते थे। तभी हम लोगों ने दुआ मांगी थी कि अगर भाई मुख्यमंत्री बन जाएंगे तो हम छठ करवाएंगे। अब पीएम बनने की मन्नत मांगी है। उन्होने कहा कि नीतीश कहीं भी रहते थे, लेकिन छठ पर घर जरुर आते थे। फिर चाहे पढ़ाई कर रहे हो या फिर हॉस्टल में रहे। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद नीतीश गंगा घाट पर जाते थे।
![नीतीश की बड़ी बहन बोलीं- छठी मइया ने सीएम बनाया, अब भाई को पीएम बनाएंगी नीतीश की बड़ी बहन बोलीं- छठी मइया ने सीएम बनाया, अब भाई को पीएम बनाएंगी](https://www.livehindustan.com/lh-img/uploadimage/library/2023/11/19/16_9/16_9_6/cm_nitish_kumar_sister_usha_devi_1700395550.jpg)
दूसरी ओर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दानापुर के नासरीगंज घाट से गायघाट तक स्टीमर द्वारा गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया और छठव्रतियों एवं राज्यवासियों को छठ की शुभकामनायें दीं। लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का अभिवादन हाथ उठाकर किया। मुख्यमंत्री ने भी सभी लोगों का अभिवादन हाथ उठाकर स्वीकार किया।
![](https://www.insiderlive.in/wp-content/uploads/2023/11/image-36.png)
ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री छठ व्रतियों की सुविधाओं को लेकर छठ घाटों का भ्रमण करते रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर छठ घाटों पर व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर प्रशासन की तरफ से पूरे तौर पर प्रयास किये गये हैं ताकि लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो। मुख्यमंत्री ने आज के इस अवसर पर पूरे प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
छठ घाटों के भ्रमण से पहले 1 अणे मार्ग स्थित आवास में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया तथा राज्यवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिये ईश्वर से प्रार्थना की।