बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर विशेष राज्य का दर्जा देने की अपनी पुरानी मांग को हवा दे दी है। सीएम नीतीश ने यह भी कह दिया है कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर वे यात्रा भी निकालेंगे और अभियान भी चलाएंगे। मुख्यमंत्री के इसी मांग पर जमुई सांसद व लोजपा रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान ने करारा हमला किया है। चिराग का कहना है कि 19 साल मुख्यमंत्री रहने के बाद भी अगर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग नीतीश कुमार करेंगे तो यह उनकी नाकामी पर मुहर लगाता है।
चिराग पासवान ने कहा कि “सीएम नीतीश को शर्म आनी चाहिए। 19 साल मुख्यमंत्री रहने के बावजूद अगर विशेष राज्य के दर्जा के लिए मुहिम चलाना पड़े तो यह सरकार की विफल नीतियों को दर्शाता है। आखिर क्यों नहीं 19 सालों में बिहार को इतना सक्षम बनाया ताकि बिना किसी के आगे हाथ फैलाए बिहार को आगे बढ़ाया जा सके। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कोई एक भी ऐसी योजना बता दें जिससे बिहार का राजस्व बढ़ा हो।” उन्होंने कहा कि “बिहार सरकार ने किसी भी क्षेत्र में राजस्व को बढ़ाने की कोशिश नहीं की। अगर राजस्व को नहीं बढ़ाया जाता है तो आज से सौ साल बाद भी विशेष राज्य के दर्जा की मांग करते रहेंगे। इसके लिए न सिर्फ मुख्यमंत्री बल्कि पूरे गठबंधन को शर्म आनी चाहिए। 34 वर्षों तक राज करने के बाद आज विशेष दर्जा की याद आई है। 34 साल में भी सरकार बिहार की अर्थव्यवस्था को इतना आगे नहीं बढ़ा सकी कि ताकि राज्य आत्मनिर्भर बन सके।”
भ्रष्टाचार के लिए मांग रहे विशेष राज्य का दर्जा : चिराग
सीएम नीतीश पर चिराग पासवान ने एक और बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार को विशेष राज्य के दर्जा की जरुरत बिहार के लिए नहीं है। बल्कि वे अपने भ्रष्टाचार को और आगे बढ़ाने के लिए यह मांग कर रहे हैं। चुनाव आने वाले हैं। ऐसे में इन्हें चुनाव में खर्च करने के लिए और पेसौं की जरुरत है। केंद्र सरकार ने बिहार को विभिन्न योजनाओं में कितने पैसे दिए, लेकिन इन्होंने खर्च कितना किया और कितनी राशि वापस लौटानी पड़ी है मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए। जो लोग केंद्र की योजनाओं के पैसों में धांधली करते हैं वे विशेष राज्य के पैसों का भी इस्तेमाल करेंगे।”