लोक जनशक्ति पार्टी( रामविलास ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को लेकर लगातार तरह -तरह के कयास लगाए जा रहे थे। इस बात को लेकर खबरों का बाजार गर्म था कि आने वालों चुनावों में चिराग किसी पार्टी के साथ गठबंधन करेंगे या नहीं। भाजपा से उनकी बढ़ती नजदीकियों को देख कर ऐसा माना जा रहा था कि वो एनडीए में शामिल हो सकते हैं। लेकिन चिराग पासवान ने आज सभी कयासों पर फूल स्टॉप लगा दिया है। उन्होंने ऐलान कर दिया है आने वाले चुनावों में वो सभी सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
चिराग पासवान ने बताया कि लोक जनशक्ति पार्टी( रामविलास) की प्रदेश कार्यकारणी की बैठक पूरी हो चुकी है। इस बैठक में आगामी चुनावों को लेकर रणनीतियों पर चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी( रामविलास) बिहार की सभी 40 सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रही है। साथ ही 2025 के बिहार विधान सभा चुनाव में भी सभी 243 सीटों पर लड़ने के लिए मजबूती के साथ तैयारी की जा रही है। गठबंधन के सवाल को लेकर चिराग पासवान कुछ भी साफ- साफ कहने से बचते नजर आए। उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति के लिए हमें तैयार रहना है।
“नीतीश से समझौता नहीं”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इफ्तार पार्टी शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वो मुख्यमंत्री की इफ्तार पार्टी में शामिल नहीं होंगे। लेकिन उनके पार्टी के कई बड़े नेताओं की इफ्तार पार्टी में शामिल होंगे। बता दें कि पिछली बार राबड़ी देवी के आवास पर हुई इफ्तार पार्टी में चिराग पासवान शामिल हुए थे। जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे। नीतीश कुमार के साथ किसी प्रकार के समझौते से चिराग पासवान ने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को बर्बादी के रास्ते पर ले आया है। इसलिए उनके साथ किसी प्रकार का कोई समझौता करने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। जब हमारी पार्टी कमजोर थी तब भी हमलोगों ने समझौता नहीं किया, अब तो हमारे साथ बिहार की जनता का समर्थन है।