बिहार में महागठबंधन की सरकार पांच साल बाद बनी है। अभी सिर्फ जदयू से सीएम नीतीश कुमार और राजद से डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने शपथ ली है। अन्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह 16 अगस्त को होने की संभावना है। इससे पहले सहयोगी कांग्रेस में विरोध के बादल फट पड़े हैं। पूरा विरोध मंत्रियों की संख्या को लेकर है।
प्रभारी के बयान पर बवाल
दरअसल, कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास ने कांग्रेस से अभी दो मंत्रियों के बनने की बात कही थी। इसके अलावा तीसरा मंत्रीपद, मंत्रिमंडल विस्तार में बाद में मिलना था। लेकिन प्रभारी के इसी बयान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूटा है। सोमवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में कार्यकर्ता भक्त चरण दास से उलझ गए।
कार्यकर्ता मांग रहे पांच मंत्री पद
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी को कम से कम पांच मंत्री पद मिलने चाहिए। चार विधायकों पर एक मंत्री पद मिलने का फार्मूला होना चाहिए। इस आधार पर कांग्रेस के मंत्रियों की संख्या पांच होनी चाहिए। कांग्रेस के 19 विधायक हैं।