मठिया प्रखंड के पुरैनिया हरसरी पंचायत अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय मठिया के 11 बजे तक बंद रहने के मामले में पंचायत के मुखिया ने कड़ा एक्शन लिया है। पंचायत शिक्षक नियोजन इकाई के अध्यक्ष सह मुखिया अजीत कुमार दुबे उर्फ बाला दुबे ने इसको लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी को पत्र सौंपते हुए विद्यालय में जांच करने और कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ हीं उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को भी पत्र भेजकर विद्यालय में की जा रही अनियमितताओं को अवगत कराया है।
लोगों में आक्रोश
मुखिया बाला दुबे ने कहा कि विद्यालय के एचएम की मनमानी का नतीजा है कि यहां स्थानीय लोगों में आक्रोश पनप रहा है। इसके साथ ही इस प्राथमिक विद्यालय में कई सारी गड़बड़ियां मिली हैं। जिसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करने की मांग उठाई गई है। मुखिया ने बताया कि शुक्रवार को 11 बजे तक विद्यालय बंद रखने की जानकारी ग्रामीणों द्वारा दी गई थी। जिसके बाद उन्होंने बीडीओ एवं बीईओ को इसकी शिकायत करते हुए विद्यालय निरीक्षण किया। जहां 2 बजे तक बच्चों को मीड-डे-मील नहीं मिला था। यह भी देखा गया कि एमडीएम मेन्यू के अनुसार नहीं बना था। जबकि विद्यालय में बच्चों की कम उपस्थिति थी। लेकिन उपस्थिति पंजी में अधिक बच्चों की उपस्थिति बनाई गई थी। इधर प्रखंड विकास पदाधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि मुखिया द्वारा विद्यालय के संबंध में पत्र दिया गया है। इस शिकायत के आलोक में बीईओ को विद्यालय का जांच करने का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट के अनुसार अग्रेतर कार्यवाही होगी।