लोकसभा चुनाव के दूसरे और तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार अभियान जोरों पर है। कहीं आरोप-प्रत्यारोप के तीर चल रहे हैं तो कहीं तारीफों के पुल बांधे जा रहे है। इसी बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी (Ex Chief Minister Jitanram Manjhi) ने नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। मांझी ने कटिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेरे जैसे अनुसूचित जाति के व्यक्ति को भी मुख्यमंत्री बनने का मौका दिया।
कटिहार के कोढ़ा दुर्गा स्थान परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, व लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद चिराग पासवान ने पूर्णिया लोकासभा क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी संतोष कुशवाहा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने महागठबंधन को घमंडिया गठबंधन बताते हुए कहा कि इस गठबंधन को देश की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेरे जैसे अनुसूचित जाति के व्यक्ति को भी मुख्यमंत्री बनने का मौका दिया।
चार सौ को पार करना है
उन्होंने कहा कि भूदान व बासगीत पर्चा की सौ एकड़ जमीन में 90 एकड़ पर महागठबंधन के लोगों का अवैध कब्जा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री देश को आज तक नहीं मिला था। रूस और यूक्रेन युद्ध के समय यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्र-छात्राओं को सकुशल वापस लाने का काम मोदी सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश की साख विदेशों में बढ़ी है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने हमें दो संदेश लेकर भेजे हैं। मैं उनका संदेश आप लोगो के पास लेकर आया हूं। जिसमे इस बार चार सौ को पार करना है।
पहले मैकेनिक, अब करोड़पति, रातों-रात बदल गई बिहार के दीपू की किस्मत
पानी पहुंचाने वाले बन गये मंत्री
इस दौरान उन्होंने लालू परिवार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने जमुई में तेजस्वी की सभा में चिराग पासवान को गाली देने वाले प्रकरण पर कहा कि अब मां बहन को गाली देने वालों से बदला लेने का समय आ गया है, बदला नहीं लिया गया तो आगे भी मां बहनों को गाली सुनना होगा। लालु सीएम बने और जेल जाने के समय अपनी पत्नी को सीएम बना दिया। क्रिकेट के मैदान मे पानी ढोने वालों को मंत्री बना दिया। उन्होंने कहा की लालटेन के लौ से मोबाइल चार्ज करना संभव नही है, इसके लिए बिजली की आवश्यकता है। विपक्ष कहता है कि 17 महीने मे बड़ी संख्या मे शिक्षकों की बहाली किये, ये बिल्कुल गलत बात है। पूर्व सीएम ने यह भी कहा कि लालू यादव की बेटी वंशवाद मे सिंगापुर से आकर चुनाव लड़ रही है।