मोदी कैबिनेट (Modi Cabinet) में विभागों के बंटवारे के बाद मंगलवार (11 जून) को मंत्रियों ने पदभार संभाला। मोदी सरकार में मंत्री बने सीएम नीतीश कुमार के बेहद करीबी राजीव रंजन उर्फ़ ललन सिंह ने मंगलवार को केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया। उनके साथ विभाग के राज्यमंत्रियो ने भी पदभार संभाला है। चार बार के लोकसभा सदस्य ललन सिंह जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं।
ललन सिंह ने 9 जून नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद अन्य मंत्रियों के साथ मंत्री पद की शपथ ली थी। मोदी मंत्रिमंडल में ललन सिंह को केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री के अतिरिक्त पंचायती राज मंत्री का जिम्मा दिया गया है। लम्बा सियासी अनुभव रखने वाले ललन सिंह के केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री के रूप में पदभार संभालने पर विभाग के वरिष्ठ कर्मियों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की।
चिराग पासवान ने पदभार संभाला, बोले- पिता रामविलास पासवान की सोच को आगे बढ़ाऊंगा
बता दें कि तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम को अपने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया। मोदी ने अपने पुराने सिपहसालारों पर भरोसा करते हुए मंत्रिमंडल में किसी बड़े बदलाव से गुरेज किया है। केंद्र में मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में बिहार से 8 मंत्री शामिल किए गए हैं। इसमें चार कैबिनेट मंत्री हैं जबकि 4 राज्यमंत्री हैं। पूर्व सीएम जीतन राम मांझी, चिराग पासवान, ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, सतीश चंद्र दूबे और राजभूषण चौधरी पहली बार केंद्रीय मंत्री बने हैं। जबकि गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय रिपीट किए गए हैं।