बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी पर सीएम नीतीश कुमार का बयान बिहार की राजनीतिक गलियों में नया तूफान लाया है। दलितों को दलित और महादलित कैटेगरी दिलाने वाले सीएम नीतीश कुमार को दलित विरोधी बताया जा रहा है। पूर्व सीएम मांझी ने नीतीश कुमार द्वारा किए ‘अपमान’ पर मोर्चा खोल दिया है। भाजपा की ओर से तो दूसरे नेता बोल ही रहे थे, पीएम नरेंद्र मोदी ने भी नीतीश कुमार पर अटैक किया। तो अब चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा ने राज्य भर में दलितों और महिलाओं के अपमान पर नीतीश कुमार को घेरने की योजना बना ली है।
सभी जिलों में अभियान चलाएगी चिराग की पार्टी
चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (राम विलास) ने नीतीश कुमार के दो बयानों पर पूरे राज्य में अभियान चलाने का निर्णय लिया है। चिराग पहले से ही नीतीश कुमार की नीतियों की खुली आलोचना करते आए हैं। अब लोजपा (राम विलास) नीतीश कुमार के महिलाओं और दलितों पर दिए बयान के खिलाफ पूरे राज्य में मुहिम चलाएगी। पार्टी का कहना है कि नीतीश कुमार ने मुखौटा पहन रखा था। अब उनका महिला और दलित विरोधी चेहरा सबके सामने आ गया है। शीतकालीन सत्र से पहले तक वो मुखौटा ओढ़ कर चल रहे थे। महिला सशक्तिकरण और उनके उत्थान की बातें कर रहे थे। उनकी असलियत अब सामने आ गई है।
वहीं, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक जनता दल भी नीतीश कुमार के खिलाफ ठोस प्लान के साथ राज्यभर में अभियान चलाएगी। पति-पत्नी के बीच के संबंध को जिस तरह से सदन में महिलाओं के बीच मुख्यमंत्री ने कहा, उसे पार्टी ने महिलाओं का अपमान मानते हुए मुद्दा बनाने का निर्णय लिया है। साथ ही महादलित समाज से आने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के खिलाफ बातें कहने पर भी राज्य भर में मुहिम चलाने का निर्णय लिया है।