बिहार में एक के बाद एक बड़े अपराध के मामले सामने आ रहे हैं। 8 अक्टूबर को मधुबनी के साहरघाट में डकैती की घटना घटी। यहाँ के बड़े कपड़ा कारोबारी राजकुमार गामी के घर डकैती कर डकैत भागने में कामयाब रहे। जिन्हें बाद में पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया। लेकिन इनसब के बीच पीड़ित कारोबारी राजकुमार गामी से मिलने पहुंचे बिहार के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने अजीबोगरीब बयान दिया। उन्होंने कारोबारियों को हथियार रखने की सलाह दी।
समीर महासेठ का बयान
साहरघाट पहुंचे मंत्री समीर कुमार महासेठ ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि व्यवसायी वर्ग हमेशा अपने काम को लेकर व्यस्त होते हैं। दिन हो या रात उन्हें काम करते रहना पड़ता है। इस तरह की घटना निश्चित ही झकझोर देती है। उन्होंने कहा कि डकैती के समय पुलिस से कैसे चूक हुई इसकी जाँच की जाएगी। पीड़ित परिवार को कहते हैं कि आपलोग भी आर्म्स का लाइसेंस लेकर पिस्टल रखिए, जिससे समय पड़ने पर आत्मसुरक्षा की जा सके। आगे उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
10 आरोपी गिरफ्तार
बता दें कि 8 अक्टूबर को साहरघाट बाजार के कपड़ा व्यवसायी राजकुमार गामी के घर डकैत घुस गए थे। पुलिस ने रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन डकैतों ने गोली और बम चलाकर पुलिस को खदेड़ दिया और इंडो-नेपाल बॉर्डर क्रॉस करके फरार हो गए। डकैती कांड में 50 से अधिक बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था। डकैत और पुलिस के मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी सहित सात लोग घायल हुए थे। हालांकि मधुबनी की पुलिस ने भीषण डकैती कांड का उद्भेदन करते हुए 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की है।