लोकसभा में दो चरणों का चुनाव संपन्न हो गया है। अब तीसरे चरण के लिए प्रचार अभियान जोरों पर है। नेताओं का दौरा और रैलियां हो रही है साथ ही एक दूसरे पर जुबानी बाण भी चलाये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) आज से तीन दिनों तक मधेपुरा में चुनाव प्रचार को लेकर कैंप करेंगे। इसको लेकर पाटलिपुत्र से राजद प्रत्याशी मीसा भारती ने सीएम नीतीश पर निशाना साधा है। मीसा भारती ने आज पटना में पत्रकारों का जवाब देते हुए कहा कि शायद सीमांचल के परिणाम से डर रहे इसलिए कैम्प कर रहे हैं। काम किया होता तो कैम्प करने की जरूरत नहीं पड़ती।
एनडीए के लोग डिप्रेशन में हैं
इसके अलावा राजद नेत्री ने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम जब बिहार आते हैं तो 10 साल में 20 करोड़ रोजगार देने वाली बात क्यों नहीं करते। बन्द पड़ी चीनी मिल को चालू करवा दिया और उसकी ही चाय पी रहा हूँ। यह बात क्यों नहीं करते। किसानों आय और महंगाई पर क्यों नहीं बोलते। रोजगार पर चुप क्यों हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार तो पीएम ने चार सौ पार का नारा भी नहीं दोहराया। इसलिए हम लोग कहते हैं कि एनडीए के लोग डिप्रेशन में आ गए हैं।
‘मुद्दे की बात नहीं.. गुड़-गोबर, मछली-तितली, हिंदू- मुस्लिम करने बिहार आते है मोदी’
मीसा भारती ने आगे कहा कि महागठबंधन को पब्लिक का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। मोदी सरकार को दो टर्म काम करने का मौका मिला लेकिन जनता को कुछ नहीं मिला। सबसे ज्यादा बिहार को ठगा गया। न विशेष पैकेज मिला न विशेष राज्य का दर्जा। बिहार में तो डबल इंजिन की सरकार है। मूल मुद्दे पर बात न करके ये लोग इधर उधर की बात कर रहे।
Tejashwi In Supaul: इंडी गठबंधन की सरकार बनी तो 500 रुपए होंगे सिलेंडर, महिलाओं को मिलेगा लाखों रुपए
आपको बता दें कि सीएम नीतीश कुमार आज सबसे पहले खगड़िया में चुनाव सभा सम्बोधित करने के बाद वह सीधे अररिया जाएंगे जहां रैली को संबोधित करेंगे यहां से भाजपा के प्रदीप सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मधेपुरा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। मधेपुरा में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद वह मधेपुरा में ही कैंप करेंगे।