राजद और जदयू के साथ आने का पहला मौका नहीं है। लेकिन पिछली बार और इस बार में अंतर ये है कि पहले भाजपा के निशाने पर सिर्फ राजद होता था। लेकिन इस बार नीतीश को बेनेफिट ऑफ डाउट भी नहीं मिल रहा। भाजपा सांसद और सालों तक नीतीश मंत्रिमंडल में डिप्टी सीएम रहे सुशील मोदी को अब नीतीश कुमार पर रत्ती भर भी भरोसा नहीं है। यही कारण है कि जब से राजद और जदयू साथ आए हैं, सुशील मोदी जितनी लताड़ राजद को लगा रहे हैं, उसमें नीतीश को भी लपेट रहे हैं। ताजा मामला मंत्री सुधाकर सिंह से जुड़ा है।
:लालू-जगदानंद के बेटों पर मेहरबान नीतीश”
सुशील मोदी ने कहा है कि लालू यादव के दोनों बेटों और जगदानंद सिंह के बेटे को नीतीश कुमार ने मंत्री बना दिया। साथ ही सुशील मोदी ने आशंका जताई कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहीं लालू और जगदानंद के दबाव में कानून ही नहीं बदलने लगें। सुशील मोदी ने बिहार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि 2013 में सुधाकर सिंह पर कैमूर जिले के रामगढ थाने में 5.31 करोड़ रुपये के चावल घोटाले का केस दर्ज है। वर्तमान में सरकार का ब्याज समेत 12 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है। इसके लिए सुधाकर सिंह को जेल भी जाना पड़ा था। मोदी ने कहा कि जिले से लेकर हाईकोर्ट तक सुधाकर सिंह को राहत नहीं मिली है और वर्तमान में भी सुप्रीम कोर्ट से वो बेल पर हैं।
सुरेंद्र यादव पर भी निशाना
उन्होंने कहा कि इस मामले मे सहकारिता विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका हैं। सुरेंद्र सिंह यादव इसके मंत्री हैं, जो खुद बाहुबली हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एक ऐसे व्यक्ति, जिसके खिलाफ दो मामले दर्ज किये गए, करोड़ों का बकाया है, उसे मंत्री बनाना कैसे उचित है? सुशील मोदी ने सुधाकर सिंह को मंत्रिमंडल से बाहर करने की मांग की है।