एनडीए सरकार (NDA Government) विश्वास मत हासिल करने के बाद आज सदन में वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट पेश करेगी। वित्त मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सदन में अपना पहला बजट (Budget) पेश करेंगे। सूत्रों के अनुसार बजट 3 लाख करोड़ रुपए का हो सकता है। इससे पहले सोमवार को सदन में लेखानुदान पेश किया गया था।
नंदकिशोर यादव दर्ज करेंगे नामांकन
सत्र के दूसरे दिन बजट प्रस्तुत करने से पहले नए स्पीकर के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए कैबिनेट की बैठक में सीएम नीतीश कुमार अधिकृत किए गए हैं। स्पीकर पद के लिए बीजेपी की ओर से वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव सुबह 10.30 बजे नामांकन दर्ज कराएंगे।
विपक्ष की ओर से कोई नामांकन नहीं होने की संभावना
नंबर के मुताबिक संभावना जताई जा रही कि विपक्ष की ओर से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन नहीं होगा। नंद किशोर यादव निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाएंगे। नंदकिशोर 17वें विधानसभा के तीसरे अध्यक्ष होंगे। इससे पहले 2020 में एनडीए की सरकार में बीजेपी के ही विजय सिन्हा अध्यक्ष चुने गए थे। 2022 में महागठबंधन की सरकार में राजद के उदय नारायण चौधरी को अध्यक्ष बनाया गया था। अब नंद किशोर यादव का नाम इस पद के लिए सबसे आगे है।
अवध बिहारी चौधरी हटाए गए
बजट सत्र के पहले दिन सरकार ने विश्वासमत हासिल किया था। सरकार को 129 विधायकों का समर्थन मिला था। विश्वासमत के पहले स्पीकर अवधि बिहारी चौधरी को पद से हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव पारित किया गया था। विधानसभा में स्पीकर द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 125 वोट मिले। विपक्ष में 112 वोट मिले। फिलहाल सदन की कार्यवाही विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी की अध्यक्षता में हो रही।