भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार की जंग पुरानी है। सम्राट चौधरी नीतीश सरकार में मंत्री भी रहे हैं और उनकी सरकार गिराने की कोशिश करने वालों में भी शामिल रहे हैं। फिलहाल सम्राट भाजपा में हैं और बिहार के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इससे नीतीश कुमार के खिलाफ उनकी बोली और सोच में कठोरता अधिक है। क्योंकि भाजपा कहती रही है कि अब वे बिहार की सरकार में नीतीश कुमार को रहने नहीं देंगे। लेकिन सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार के बीच एक टीस वो है, जो अब जातीय गणना के आंकड़ों के बाद खुलकर सामने आई है।
दरअसल, नीतीश कुमार के विकल्प के तौर पर सम्राट चौधरी को देखने की कोशिश चल रही है। भाजपा ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है लेकिन सम्राट समर्थक उन्हें बिहार में सीएम पद के लिए भाजपा का उम्मीदवार मान बैठे हैं। सम्राट लगातार नीतीश पर हमलावर भी रहते हैं और कभी कभी सीएम नीतीश के सब्र का बांध भी टूट जाता है। एक बार फिर यही बुधवार को हुआ। सीएम नीतीश कुमार सम्राट चौधरी पर खूब बरसे। उन्होंने सम्राट पर आरोप लगाया कि वे रोज पार्टी बदलते हैं। साथ ही एक तरह से सम्राट की राजनीतिक हैसियत को नीचा दिखाते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि इसके पिता को तो हमने सम्मान दिया था।
नीतीश कुमार द्वारा शकुनि चौधरी का नाम लेने से ही सम्राट चौधरी एकदम उखड़ गए। इसके बाद सम्राट चौधरी ने मोर्चा संभालते हुए नीतीश कुमार को इतिहास से लेकर वर्तमान को लेकर भी लपेटा। शुरुआत पिता शकुनी चौधरी के नाम पर से हुई। सम्राट ने कि मेरे पिता से नीतीश कुमार 20 साल छोटे हैं। नीतीश जब हाफ पैंट पहनते थे तो मेरे पिता देश के लिए युद्ध लड़ रहे थे। नीतीश की हैसियत क्या है? उनके पास जो है, सब जनता ने दिया है। अब उन्हें उखाड़ फेंकने का जनता ने भी मन बना लिया है।
सम्राट चौधरी यहीं नहीं रुके, उन्होंने दूसरे वार में नीतीश कुमार पर लव कुश समाज को धोखा देने का आरोप लगाया। सम्राट ने कहा कि नीतीश कुमार और लालू यादव मिलकर बैकवर्ड फॉरवर्ड करना चाहते हैं। लेकिन भाजपा के होते यह संभव नहीं है। सम्राट ने आगे कहा कि नीतीश कुमार को लव-कुश समाज ने सम्मान दिया, गद्दी तक पहुंचाया है। लेकिन नीतीश कुमार ने लव-कुश समाज को ठग कर लालू यादव के बेटे को उत्तराधिकारी बना लिया। लव-कुश समाज यह नहीं सहेगा। जनता ने तय कर लिया है। किसी से मिल जाएं नीतीश कुमार, उनको अब सत्ता से उखाड़ना ही है।
इसके बाद सम्राट ने नीतीश कुमार पर तीसरा वार करते हुए कहा कि मैंने लालू यादव को राजनीति का कैंसर कहा तो जवाब देने नीतीश कुमार आ गए। जबकि यही लालू यादव हैं जिनके गुंडों ने गरौल में नीतीश कुमार को कुटवाया था। आपको बता दें कि नीतीश कुमार के कारण ही सम्राट चौधरी ने अपने लुक में पगड़ी को जोड़ा है। सम्राट चौधरी ने कसम खाई है कि वे जब तक नीतीश कुमार को बिहार के सीएम की गद्दी से नहीं हटाएंगे, पगड़ी नहीं खोलेंगे।