नीतीश कुमार को आठवीं बार मुख्यमंत्री बने एक हफ्ता बीत गया है। उनके साथ सिर्फ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने शपथ ली थी। अब पूरे मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण 16 अगस्त को सुबह 11.30 बजे संभावित है। सरकार के सहयोगी दलों के बीच मंत्रियों के नाम पर लगभग सहमति बन चुकी है। संभावना है कि सीएम नीतीश और डिप्टी सीएम तेजस्वी आज शाम राज्यपाल से मिलकर इसकी जानकारी देंगे।
सबसे अधिक राजद के मंत्री
बिहार में अभी 34-35 मंत्री ही बनाए जाएंगे। सरकार में शामिल होने वाले दलों में सबसे अधिक MLA राजद के पास हैं। राजद के कुल 79 MLA हैं। इसलिए सबसे अधिक मंत्री भी राजद से ही होंगे। संभावना है कि राजद को 16 मंत्री पद मिल सकते हैं। जिनके पास 20-21 मंत्रालय रहेंगे। इसमें तेजस्वी यादव पहले ही शपथ ले चुके हैं। इसलिए अब 15 अन्य मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके अलावे JDU के13 मंत्री, कांग्रेस के 2 मंत्री, HAM और निर्दलीय के भी एक-एक मंत्री को शपथ दिलाई जाएगी।
‘सीनियर नेताओं का रखा जाएगा ख्याल’
तेजस्वी यादव जनता के बीच भले ही युवाओं को ही आगे बढ़ाने की बात करें लेकिन मंत्रिमंडल में राजद के सीनियर नेताओं को भी तरजीह दी जाएगी। आलोक मेहता का मंत्री बनना तय है। जबकि चार बार विधायक चुने गए भाई वीरेंद्र को भी इस बार मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। दूसरी ओर तेजप्रताप यादव के अलावा राजद की ओर से कुछ नए चेहरे भी मंत्रिमंडल में दिख सकते हैं। राजद के MLC में से सुनील सिंह का नाम लगभग तय माना जा रहा है। जबकि सौरभ कुमार और कार्तिकेय में से एक के मंत्री बनने की संभावना है। वहीं राजद के वरिष्ठ नेता अवध बिहारी चौधरी को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
RJD के हो सकते हैं स्पीकर
ऐसी खबर सामने आ रही है कि विधानसभा अध्यक्ष RJD के कोटे से होंगे। RJD के विधायक अवध बिहारी चौधरी को विधानसभा का स्पीकर बनाया जा सकता है। अवध बिहारी चौधरी सिवान से विधायक हैं। जब राबड़ी देवी बिहार की मुख्यमंत्री थी उस वक्त अवध बिहारी चौधरी बिहार के शिक्षा मंत्री भी रहे थे।