झारखंड और बिहार के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे की तरफ से पटना-रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अब जहानाबाद स्टेशन पर भी रूकेगी। रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। बता दें कि जहानाबाद स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को 2 मिनट का ठहराव प्रदान किया गया है। इससे सबसे ज्यादा सहूलियत जहानाबाद के रेल यात्रियों को होने वाली है।
मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 22349/22350 पटना-रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का जहानाबाद स्टेशन पर ठहराव करने का फैसला लिया गया है। दानापुर मंडल ने इस संबंध में जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह यानी 1 मार्च से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव जहानाबाद स्टेशन पर शुरू हो गया है। जहानाबाद सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
उन्होंने बताया कि पटना रांची वंदे भारत ट्रेन पर सवार होकर यात्री गया, कोडरमा, हजारीबाग टाउन, बरकाकाना, मेसरा होते हुए रांची तक का सफर कर सकते है। इस से उनका काफी समय बचेगा। रेलवे के इस फैसले से रेल यात्रियों में खुशी का माहौल है। वहीं, सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने बयान जारी कर प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को इसके लिए धन्यवाद दिया है।