प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर हैं। अभी वह पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। इससे पहले वह गया में थे। पीएम मोदी ने यहां भी विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज NDA सरकार के लिए वंचित शोषित वर्ग हमारी पहली प्राथमिकता है। जिसको किसी ने नहीं पूछा आज हम उसको पूज रहे हैं। एक समय था जब केंद्र की सरकारें बिहार को पिछड़ा कह कर पीछा छुड़ा लेती थी। बिहार की सरकारें सीमांचल को पिछड़ा कहकर पलड़ा झाड़ लेती थी लेकिन हमने सीमांचल और पूर्णिया के पूर्ण विकास को अपना मिशन बनाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “बिहार और पूर्णिया के पास सामर्थ्य की कभी कमी नहीं थी। हमारे बिहार का किसान भरपूर मक्का उत्पादन करता है। बिहार में जूट और मखाने की खेती भी खूब होती है। पिछले 10 सालों में हमने जूट के MSP को बढ़ाकर दोगुना किया है। बिहार का 20% मखाना अकेले पूर्णिया के किसान ही पैदा करते हैं। हमने आपके सामर्थ्य को प्रोत्साहन दिया, नतीजा हुआ कि आपने मखाने के बीजों के उत्पादन को दोगुना कर दिया। आज NDA सरकार मखाने को सुपर फूड के रूप में प्रमोट कर रही है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले देश में जवानों की शहादत होती थी। आपको गुस्सा होती थी, इन्हें घर में घुसकर मारो। आज जो देश हमें आंखें दिखाता था वो आज कटोरा लेकर भटक रहा है। जो लोग संविधान बदलने का कह रहे हैं उन्होंने कई दशकों तक काम किया, लेकिन वो कभी बाबा साहेब का संविधान कश्मीर में लागू नहीं करवा पाए। ये मोदी है, आज जम्मू-कश्मीर में भी संविधान आन-बान और शान से लागू हो गया है। ये कहते थे 370 हटी तो कश्मीर में आग लग जाएगी। आज आर्टिकल-370 का एंड हो चुका है। भारत को बांटने वालों को जलन हो रही है। ये लोग राम मंदिर के लिए भी यही कहते थे। राम मंदिर बना तो देश में आग लग जाएगी। आज राम मंदिर दुनिया में भारत का गौरव है।