प्रधानमंत्री मोदी के आगम से ठीक पहले मोतिहारी पुलिस ने एक हथियार तस्कर को 4 पिस्टल और 20 गोली के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर बेगूसराय का रहने वाला है। वह हथियार देने आया था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी कांतेश मिश्रा को गुप्त सूचना मिली कि एक हथियार का तस्कर हथियार लेकर मोतिहारी के छतौनी थाना क्षेत्र में आने वाला है। सूचना का सत्यापन करते हुए सदर एएसपी शिखर चौधरी के नेतृत्व में टीम बना कर छापेमारी का निर्देश दिया। इसके बाद छतौनी थानाध्यक्ष के सहयोग से छापेमारी कर एक हथियार तस्कर को 4 देसी पिस्टल, 20 गोली के साथ उसे गिरफ्तार किया गया। जबकी पुलिस को आता देख उसके अन्य साथी भागने में सफल रहे। जिसे पहचान कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंगलवार को प्रधानमंत्री का चुनावी सभा होना है। इससे ठीक पहले एक हथियार तस्कर को हथियार और गोली से गिरफ्तार करना मोतिहारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
गिरफ्तार हथियार तस्कर मधुसूदन कुमार साहेबपुर कमाल जिला बेगूसराय का रहने वाला है। जिससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, इसके सूत्र को खंगालने में जुटी है। इसके साथ और कौन-कौन जुड़ा है। मोतिहारी में किसके पास लेकर हथियार डिलीवरी करने आया था। इतने संख्या में हथियार उपलब्ध किस लिए कराया जा रहा था। क्या किसी बड़ी घटना की तैयारी थी। इस सभी पॉइंट पर पुलिस जांच कर रही है।