बुधवार की देर रात दानापुर मंडल के रघुनाथपुर स्टेशन के पास हुए रेल दुर्घटना पर सियासत भी तेज हो गई है। दुर्घटना से प्रभावित लोगों के लिए सीएम नीतीश कुमार ने मुआवजे का ऐलान किया है। जिसे भाजपा संसद व केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने खैरात बताते हुए नीतीश कुमार पर तंज कसा है। वही जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने रेल दुर्घटना को लेकर पीएम नरेन्द्र मोदी को अपने निशाने पर लिया है।
“यहाँ खैरात ना दें“
दरअसल बुधवार की रात को आनंद विहार टर्मिनस से कामाख्या जा रही नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी थी। दुर्घटना में अब तक 4 लोगों की मौत हुई है। जबकि कई घायल हैं। सीएम नीतीश कुमार ने दुर्घटना पर दुःख पर जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया। मृतकों के परिजनों को 4 लाख जबकि घायलों को 50 हजार देने की बात कही। उनके ऐलान पर केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री के बयान को सुनकर काफी दुख हुआ।
नीतीश कुमार ने जिस तरह से बयान दिया कि ये हमारा काम नहीं है, रेलवे का काम है लेकिन दे देंगे मुआवजा, तो नीतीश कुमार खैरात मत बांटें। नीतीश कुमार की सरकार के पास बिहारशरीफ के मस्जिद में देने के लिए एक करोड़ तो है लेकिन वहां के दुकानदारों के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं। वहां जिनके घर जले उनके लिए पैसे नहीं हैं। नीतीश कुमार पहले उसमें पूर्ति कर लें, यहां खैरात न दें।
ललन के निशाने पर PM मोदी
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने रेल दुर्घटना को लेकर पीएम नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बक्सर रेल हादसे पर तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए। हर दिन वे वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा रहे हैं और रोज रेल हादसे हो रहे हैं। ओडिशा में इतना बड़ा रेल हादसा हो गया, उसमें कुछ नहीं हुआ। ये लोग सिर्फ अपनी प्रशंसा में लगे हुए हैं। सभी चीजों का निजीकरण कर रहे हैं तो यह सब तो होगा ही।