आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर ज्योग्राफिकल स्टडीज की निदेशक प्रो. पूर्णिमा शेखर सिंह का बुधवार शाम निधन हो गया। प्रो. पूर्णिमा शेखर सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमार थी। उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था। इसके बाद बुधवार को लगभग शाम 7.30 बजे निधन हो गया। प्रो. सिंह पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के एएन कॉलेज में भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष भी रहीं हैं। बिहार सरकार के पूर्व मुख्य सचिव व बिहार म्यूजियम के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह की पत्नी प्रो. पूर्णिमा शेखर प्रख्यात शिक्षाविद थीं। बुधवार को उनके निधन के बाद गुरुवार को सुबह 8 बजे अस्पताल से उनका पार्थिव शरीर उनके आवास पर लाया जाएगा। इसके बाद गुरुवार को दीघा घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा। डॉ. पूर्णिमा शेखर की एक पुत्री और एक पुत्र है।
सीएम नीतीश कुमार ने जताया शोक
प्रो. पूर्णिमा शेखर के निधन पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने गहरा शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ पूर्णिमा शेखर सिंह सेंटर फॉर ज्योग्राफिकल स्टडीज की निदेशक थीं और उच्च शिक्षा खासकर भौगोलिक शिक्षा के क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे एक बेहतर प्रशासक के साथ ही कुशल प्राध्यापक भी रहीं। छात्र छात्राओं के बीच भी वो काफी लोकप्रिय थीं। उनके निधन से शैक्षणिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।