मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में जदयू के प्रदर्शन पर पूर्व विधान पार्षद व वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. रणबीर नंदन ने कहा है कि नीतीश कुमार को एक बार फिर राजनीतिक शर्मिंदगी के दलदल में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने धकेल दिया है। पार्टी में एक वोट या एक कार्यकर्ता नहीं जोड़ सके राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के कारण नीतीश कुमार को मध्य प्रदेश चुनाव में शर्मिंदगी उठानी पड़ रही है क्योंकि पार्टी के सभी 10 उम्मीदवार बुरी तरह फेल हुए हैं।
डॉ. नंदन ने कहा कि मैंने कहा था कि नीतीश कुमार को जो प्रतिष्ठा भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन में मिली है, वो कहीं मिल ही नहीं सकती। लेकिन ललन सिंह जैसे नेताओं ने इस बात से नीतीश कुमार को बरगला दिया और नतीजा सामने है कि चले थे छब्बे बनने और दूबे बन कर रह गए।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार को प्रतिष्ठा दी, बिहार का सीएम बनाया। लेकिन नीतीश कुमार की पार्टी की चौकड़ी ने उन्हें पहले नैतिक तौर पर बरबाद किया और फिर राजनीतिक रूप से बरबाद कर दिया। धृतराष्ट्र को महाभारत भी देखना होगा और अपना समूल नाश भी। वही नीतीश कुमार के साथ हो रहा है और इसके एकमात्र जिम्मेदार ललन सिंह हैं। ललन सिंह ने बिहार में जदयू को राजद के आंगन में गिरवी रख दिया है और पूरे देश में कांग्रेस को बेच दिया है।
ललन सिंह अब किस मुंह से बिहार में घूमेंगे क्योंकि बिहार में संगठन तो पहले ही बरबाद कर चुके हैं। जैसे ही कोई चुनाव आएगा जदयू अगर बचा रहा तो पूरी तरह एक्सपोज हो जाएगा। वैसे इसकी उम्मीद कम ही है कि जदयू अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगा क्योंकि उससे पहले ही ललन सिंह लालू यादव से लिया गया काम पूरा कर देंगे यानि जदयू को राजद में मर्ज करवा देंगे।
डॉ. नंदन ने कहा कि ललन सिंह मीडिया में तो ऐसे ऐंठकर बयान देते हैं, जैसे उनके इशारों पर ही बिहार की जनता चलती है। जबकि जनता बस चुनाव का इंतजार कर रही है और पहले से तीसरे नंबर पर जा चुकी जदयू, ललन सिंह के नेतृत्व में लोकसभा से लेकर विधानसभा तक में शून्य तक का सफर तय कर लेगी।