सीतामढ़ी में लुटेरों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। पूर्व राजस्व अधिकारी के घर से 1 लाख कैश और लाखों के जेवरात उड़ा ले गए हैं। बताया जा रहा है कि बदमाश ताला तोड़कर घर में घुसे थे। इसके बाद पिस्तौल के बल पर दंपती को बंधक बनाया। इसके बाद लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। अब पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बनगांव एराजी वार्ड संख्या 12 की है।
सूचना मिलते ही पुपरी डीएसपी अतनु दत्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवार के लोगों से पूछताछ की। साथ ही उन्होंने खुद छानबीन की। जानकारी के मुताबिक, बनगांव एराजी गांव निवासी सेवानिवृत्ति राजस्व कर्मचारी अरविंद चौधरी और शिक्षिका कुमारी निर्मला के घर डकैतों ने घटना को अंजाम दिया है।
सेवानिवृत्त राजस्व कर्मचारी अरविंद चौधरी ने बताया कि उनके बेटे और बहू कोलकाता में रहते हैं। घर पर वे पति-पत्नी थे। इस बीच, गुरुवार तड़के 3:30 बजे सुबह में आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश हथियारबंद अपराधी ताला काटकर घर में प्रवेश कर गए। एक कमरे में वे दोनों पति-पत्नी सोए थे।
उस कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जिसे धक्का देकर तोड़ दिया। दोनों पति-पत्नी को बंधक बना कर उनके साथ मारपीट की गई। पिस्तौल के बल पर चाबी लेकर गोदरेज खोल लिया। गोदरेज से रुपये और जेवरात लूट लिए।
इसके बाद डकैतों ने उनके बहू के कमरे के गोदरेज की चाबी मांगी। चाबी नहीं मिलने पर उसे झटके में तोड़ दिया और उसमें से भी जेवरात लूट लिए। इसके अलावा, कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर निकालकर भी ले गए। करीब 1 लाख कैश और 10 भर सोने के जेवरात की लूट हुई है। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही बाजपट्टी थानाध्यक्ष सरोज कुमार मौके पर पहुंचे।