जमुई पुलिस ने एक सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए 10 साल से फरार चल रहे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रौंदी यादव को गिरफ्तार कर लिया है। रौंदी यादव पर जमुई में 18 और बिहार के अन्य जिलों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे सिकंदरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि रौंदी यादव लछुआड़ थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या, अपहरण, डकैती, आर्म्स एक्ट, फिरौती के लिए अपहरण, हत्या के लिए अपहरण, धोखाधड़ी, कूटरचना, मारपीट और अपराधिक कृत्य करने के क्रम में साक्ष्य छिपाने के गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस पिछले 10 सालों से उसकी तलाश कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रौंदी यादव को लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस की विशेष अभियान के तहत गिरफ्तार किया गया है।
एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में गठित एक कुशल टीम ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी का इस्तेमाल करते हुए रौंदी यादव पर नजर रखी। एक्शनेबल इंटेलिजेंस के आधार पर एक साहसिक और योजनाबद्ध तरीके से उसे सिकंदरा से गिरफ्तार किया।