भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की अदावत को एक लंबा वक्त हो रहा है। सम्राट चौधरी कई बार नीतीश कुमार की कैबिनेट में मंत्री रहे हैं लेकिन पिछले कुछ महीनों से सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने की कसम खाए हुए हैं। सम्राट चौधरी ने यह कसम खाई है कि वे अपना मुरेठा तभी खोलेंगे जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से हटेंगे। लेकिन अभी सम्राट चौधरी अचानक नीतीश कुमार के पैर पकड़ने को तैयार हो गए हैं। यह बात वे खुद कह रहे हैं। लेकिन इसके लिए सम्राट ने एक शर्त लगा दी है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि “उन्होंने हाथ जोड़ा था। आज मैं उनके पैर पकड़ रहे हैं कि आराम कीजिए। कुछ दिनों तक शरीर को ठीक करने के लिए आराम कीजिए।” उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार बिहार में लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे। वह बिहार के गार्जियन हैं। उनको आराम करने की जरूरत है। उनसे आग्रह किया है कि अब वे थक चुके हैं। पहले से बीमार भी हैं और दिख भी रहे हैं। उन्हें अब आराम की सख्त जरूरत है। वे पहले आराम करके शरीर को ठीक कर लें। बिहार की जनता भी यही चाहती है। इसलिए आग्रह करते हैं कि कुछ दिन आराम करते तरोताजा हो लें उसके बाद जीवन भर राजनीति करेंगे। हम लोग आपका साथ देंगे।”