राजद के एमएलसी सुनील सिंह अपने सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट को लेकर चर्चा में रहते हैं। वो अपने पोस्ट में जो कैप्शन लिखते हैं उसके कई राजनीतिक मायने भी निकलते हैं। सुनील सिंह कई बार ऐसी बातें लिखते हैं जो जदयू और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला के तौर पर दिखती है। इसबार भी सुनील सिंह ने कुछ ऐसा ही पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी की जोड़ी पर तंज कसा है।
नीतीश-अशोक की जोड़ी पर तंज
दरअसल सुनील सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा कि “ऐसा नहीं है की राधे-कृष्ण जी का रास सिर्फ मथुरा और वृंदावन में ही देख सकते हैं। यदा-कदा पटना के सड़कों पर भी देखने को मिल सकता है।” बताया जा रहा कि ये पोस्ट उन्होंने पिछले दिनों नीतीश कुमार और अशोक चौधरी के साथ वाली तस्वीर को लेकर किया है। ये पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस तरह का पोस्ट किया हो। इससे पहले भी वो अपने पोस्ट में नीतीश कुमार पर निशाना साधते रहे हैं।
नीतीश ने अशोक चौधरी को लगाया था गले
बता दें कि कुछ दिन पहले मीडियाकर्मियों से बात करते हुए नीतीश कुमार की नजर आगे खड़े एक व्यक्ति पर पड़ी, जिसने सर पर तिलक यानि टीका लगा रखा था। बताया जा रहा कि उसका नाम छोटू सिंह है। मुख्यमंत्री ने जैसे टीका लगाये छोटू सिंह को देखा वैसे ही पीछे पलट कर अपने एक मंत्री को ढूंढ़ना शुरू कर दिया। उन्होंने अन्य नेताओं के पीछे खड़े भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी को गर्दन से पकड़ कर खींचा। मंत्री की गर्दन को पीछे से पकड़ कर खींचते हुए नीतीश कुमार छोटू सिंह के पास ले गये और फिर उनके माथे से अपने मंत्री के माथे को मिला दिया।
इस घटना को लेकर कुछ दिनों बाद मीडियाकर्मियों ने उनसे सवाल किया जिसपर नीतीश कुमार ने कहा कि ” ऐसा नहीं है.. ना ना ऐसा नहीं है.. यह मत कहिए.. यह तो हम लोगों का प्रेम है.. हम इनसे बहुत प्रेम करते हैं। उन्होंने अपने बगल में खड़े मंत्री अशोक चौधरी को गले लगाते हुए कहा कि ‘हम जब इनको देखते हैं तो खुश हो जाते हैं।’