लोकसभा चुनाव (Loksabha Election) को लेकर प्रचार अभियान तेजी से जारी है। चार चरणों के चुनाव हो चुके हैं। पांचवें चरण का मतदान कल है। इसके बाद दो चरणों के चुनाव अभी और बाकी है। जनता के रुझान अभी भले ही सामने न आये हों लेकिन नेता अपनी अपनी जीत के दावे कर रह हैं। एक ओर एनडीए जहां 400 पार का नारा दे रहा वहीं इंडी गठबंधन भी पीछे नहीं है। बिहार में आरजेडी नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की सीटों को लेकर बड़ा दावा किया है।
पूरे देश में 300 से अधिक सीटें
बिहार में सैंकड़ों सभाएं कर चुके तेजस्वी यादव ने अपने अनुभव से इंडी गठबंधन के जीत का बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि इंडिया गठबंधन पूरे देश में 300 से अधिक सीटें जीतने जा रहा है। उन्होंने इसे संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र बचाने का चुनाव करार दिया है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा खुशखबरी यह है कि इंडिया गठबंधन पूरे देश में 300 से अधिक सीटें जीत रहा है। देश की महान जनता समझ चुकी है कि ये झूठ पर सच की जीत का चुनाव है।
लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है
तेजस्वी यादव ने आगे लिखा कि यह बुराई पर अच्छाई की जीत चुनाव है। यह जुमलों का नहीं हकीकत का चुनाव है। यह ग्लोबल नहीं स्थानीय मुद्दों का चुनाव है। यह खास का नहीं आम आदमी का चुनाव है। यह बेरोजगारी नहीं बल्कि नौकरी का चुनाव है। यह बकवास करने का नहीं विकास करने का चुनाव है। यह बीजेपी वालों के संविधान बदलने जैसे नापाक इरादे जैसे नौकरी, संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। यह देश के किसान-नौजवान, छात्र-शिक्षक, नारी सम्मान और व्यापारी-कर्मचारी का चुनाव है।
गधे पर बैठकर वोट मांग रहे निर्दलीय प्रत्याशी, सतेन्द्र बैठा ने कहा- जनता गरीब नेता का समर्थन करेगी
बता दें कि बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। इन सीटों पर पहले, दूसरे, तीसरे और चौथे चरण में कुल 19 लोकसभा क्षेत्र में वोटिंग पूरी हो चुकी है। बिहार में 20 मई को पांचवे चरण में 5 सीटों पर चुनाव होना है। इनमें मधुबनी, सीतामढ़ी, सारण, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर लोकसभा सीट पर मतदान होगा और दिग्गज हिस्तियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। 4 जून को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।