जदयू और राजद के विलय की चर्चा तो पहले से ही चल रही है। Insider Live ने 13 अक्टूबर 2022 को ही बताया था कि राजद और जदयू का विलय हो जाएगा। लेकिन इसके पीछे के कारण सभी की अलग अलग दलील है। अब इस कयासबाजी में राज्यसभा सांसद सुशील मोदी भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने भी कहा है कि राजद और जदयू का विलय होना तय है। साथ ही उन्होंने इसका कारण भी बताया है।
नीतीश के राजनीतिक अंत की शुरुआत
सुशील मोदी ने कहा कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार के राजनीतिक अंत का समय आ गया है। अब उन्हें मालूम चल गया है कि वे अब आगे सीएम नहीं बन सकते। इसलिए किसी तरह अपनी राजनीतिक साख बचाए रखने की कोशिश में जदयू और राजद का विलय कर रहे हैं। विलय के पीछे की उनकी मंशा यही है कि जैसे तैसे 2025 तक वे सीएम बने रहें।
दोनों दलों में भगदड़
साथ ही सुशील मोदी ने यह भी खुलासा किया है कि जदयू और राजद दोनों में भगदड़ होने वाली है। कई विधायक भाजपा के सम्पर्क में हैं। मोदी ने कहा कि दोनों दलों के विलय के पक्ष में कई विधायक नहीं हैं। इस कारण विलय के पहले ही दोनों दल टूटेंगे। उन्होंने कहा कि चूंकि विलय के बाद दल के विधायकों का आकार बड़ा हो जाएगा। तब विधायक पार्टी छोड़ नहीं सकेंगे। इसलिए विलय के पहले ही भगदड़ मचेगी।