बिहार के कई जिलों में आज बारिश के आसार हैं। चक्रवाती तूफान मिचौंग पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट के ऊपर से उत्तर की तरफ बढ़ा है।
यह 90 से 100 किलोमीटर की गति से बापतला के करीब आंध्र प्रदेश तट को पार कर सकता है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में बिहार के रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर और भागलपुर के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं।
2-3 डिग्री गिरेगा पारा
राज्य के न्यूनतम तापमान में आने वाले तीन दिन में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। उसके बाद 2 से 3 डिग्री तक न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है।
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवातीय तूफान का असर
मंगलवार को बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवातीय तूफान का असर पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में नजर आया। इससे पटना में बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलने के कारण हल्की ठंड भी रही। बीते 24 घंटे में प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम भाग के एक-दो जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। शेष भाग शुष्क रहे।