पछुआ हवा के प्रवाह से राजधानी समेत ज्यादातर शहरों का न्यूनतम तापमान गिर रहा है। बुधवार को पटना समेत 20 शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सबसे ठंडा 8.0 डिग्री के साथ भागलपुर (सबौर) रहा। पटना के न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री गिरावट आई है। यहां 10.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार छह दिनों में पटना के न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री गिरावट आई है। आठ दिसंबर को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री था।
कोहरा छाएगा एवं कनकनी बढ़ेगी
दिसंबर आधा खत्म नहीं हुआ कि अधिकतर जिलों में छह दिनों से पारा 5-6 डिग्री गिरा है। आने वाले दिनों में और तेजी से गिरेगा। इससे इस बार कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। पटना समेत अधिसंख्य इलाकों में सुबह में कोहरे रहेगा। दिन में धूप निकलने के साथ मौसम शुष्क रहेगा। पछुआ हवा से शाम में कनकनी बढ़ेगी। कुछ जगहों पर कोहरे के कारण दृश्यता कमी हो सकती है।
इन शहरों में 10 डिग्री से नीचे पारा
मौसम विभाग के अनुसार जमुई, बांका, मोतिहारी, सीतामढ़ी के पुपरी, गया व नवादा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया। इन शहरों में ठंड का प्रभाव बना रहा।