केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह की अध्यक्षता में आज पटना में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक होगी। इसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। झारखंड, ओडिशा और बंगाल के सीएम नहीं आ रहे हैं। उनकी जगह दो-दो मंत्री आएंगे। राज्यों के मुख्य सचिव भी रहेंगे।
9 अगस्त 2022 को एनडीए से हुए थे अलग
डेढ़ साल बाद सीएम नीतीश औरशाह एक मंच पर होंगे। नीतीश 9 अगस्त 2022 को एनडीए से अलग हुए थे। इसके बाद से दोनों नेताओं की मुलाकात नहीं हुई है। हालांकि दो महीने पहले दिल्ली में जी-20 की डिनर में नीतीश ने पीएम मोदी से मुलाकात की थी।
शाह करेंगे बैठक की अध्यक्षता
केंद्र सरकार के निर्देश पर बिहार में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक बुलाई गई है। इस परिषद में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री करेंगे। बिहार में यह बैठक 5वीं बार हो रही। पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की पहली बैठक यहां 1958 में हुई थी। इसके बाद 1963, 1985 और 2015 में बैठक हुई।
पूर्वी राज्यों के विकास पर होगा मंथन
शाह दोपहर 1 बजे पटना पहुंचेंगे। बैठक 3 बजे से शुरू होगी। यह शाम 5.30 बजे तक चलेगी। इसकी बाद गृह मंत्री सेना के स्पेशल विमान से शाम 6 बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे। बैठक में गृह मंत्रालय के अधिकारी भी शामिल होंगे। बिहार सहित पूर्वी राज्यों के विकास पर मंथन और आंतरिक सुरक्षा पर विचार-विमर्श किया जाएगा। नक्सलवाद समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा।
दिल्ली की बैठक में नीतीश नहीं हुए थे शामिल
इससे पहले दिल्ली में हुई बैठक में नीतीश शामिल नहीं हुए थे। बीजेपी से अलग होने के बाद नीतीश कभी अमित शाह के सामने नहीं आए थे। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बैठक में शामिल होने के लिए भेजा गया था।