बिहार चाचा-भतीजा की राजनीति के लिए काफी मशहूर है। मौजूदा स्थिति में भी ये देखने को मिल रहा है। एक और जहां मुंहबोले चाचा-भतीजा की जोड़ी बिहार सरकार चला रही है। वहीं दूसरी ओर एक और चाचा-भतीजा की जोड़ी है जिसमें उठा-पटक चल रही है। ये जोड़ी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस की है। दोनों के बीच जुबानी जंग तो लगातार ही जारी है। लेकिन इसबार चाचा पशुपति पारस ने भतीजे चिराग पासवान को बड़ा झटका दिया है। पशुपति पारस ने चिराग पासवान की पार्टी में सेंधमारी करने में कामयाबी पाई है।
पार्टी प्रवक्ता ने छोड़ा चिराग का साथ
दरअसल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास ) की प्रवक्ता देवजानी मित्रा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही देवजानी मित्रा, पशुपति पारस की पार्टी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी में शामिल हो गई हैं। पशुपति पारस की उपस्थिति में देवजानी मित्रा ने आज राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की सदस्यता ली। इसके बाद दोनों ने साझा प्रेस कांफ्रेन्स की। जिसमें देवजानी मित्रा ने चिराग पासवान की पार्टी कई गंभीर आरोप लगाए। साथ ही पशुपति पारस ने भी चिराग पासवान पर जमकर निशाना साधा।
![](https://www.insiderlive.in/wp-content/uploads/2023/03/Screenshot-1877.png)
‘महिलाओं को नहीं मिलता सम्मान‘
देवजानी मित्रा ने लोजपा(रामविलास) से इस्तीफा देने के बाद कई आरोप लगाए। उन्होंने लोजपा(रामविलास) में महिलाओं को सम्मान ना दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चिराग की पार्टी के अंदर कोई भी बात सही तरीकों से उनके पास पहुंचने नहीं दिया जा रहा है। उनकी पार्टी में महिलाओं को उतना सम्मान नहीं दिया जाता है,जितना उनके पिता दिवंगत नेता रामविलास पासवान के समय दिया जाता था। लोजपा(रामविलास) महिला विरोधी हो गई है।
चाचा के निशाने पर चिराग
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस ने देवजानी मित्रा को अपनी पार्टी में शामिल कर उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोनीत किया। उन्होंने कहा कि देवजानी मित्रा एक काबिल नेत्री है उनके आने से हमारी पार्टी और ज्यादा मजबूत होगी। साथ ही वो चिराग पसवान को भी अपने निशाने पर लेने से नहीं चुके। उन्होंने कहा कि हमारे नेता स्वर्गीय राम विलास पासवान कहा करते थे कि रोड पर वही जानवर मरता है जो डिसीजन नहीं ले पाता हैं कि उसे किस तरफ जाना है। चिराग पासवान की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। वो किस तरफ हैं खुद ही तय नहीं कर पा रहे है।