भारत नेपाल के इनरवा बॉर्डर पर स्थित खम्हिया गांव में शुक्रवार की रात तस्करों और SSB में हिंसक झड़प हुई है। तस्करों के पक्ष में गांव के सैकड़ों लोग विरोध में उतर गए और पत्थरबाजी करने लगे। इसमें एसएसबी के दो जवान जितेंद्र माझी व किशन लाल चोटिल हो गए। दोनों जवानों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनाटांड़ में किया गया। वहीं आत्मरक्षा में जवानों ने फायरिंग की , जिसमें सरोज गद्दी नामक तस्कर को गोली लगी है। जख्मी को मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सुपारी कराई जा रही थी सीमा पार
मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली पर सुपारी लादकर सीमा पार कराया जा रहा था। गश्ती में तैनात जवानों ने रोका तो गांव के लोग सैकड़ों की संख्या में टूट पड़े। इसके बाद सुपारी को लूटने के नियत से पत्थरबाजी एवं मारपीट करने लगे। पत्थरबाजी के क्रम में दो जवान चोटिल हो गये।