बिहारवासियों को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से चल रहा मानसून दो-तीन दिनों में बिहार पहुंच सकता है। इसके बाद बारिश होने से उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिलेगी। विभाग ने इसके लिए अलर्ट भी जारी किया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, बाकी बिहार में मौसम शुष्क रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद में 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पश्चिम चंपारण के बाल्मीकि नगर में 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान बिहार में मानसून के लिए अनुकूल स्थिति बनी हुई है। इस दौरान उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य और पूर्वी बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इन जिलों में सीवान, सारण, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार शामिल हैं।
विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जहां हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। वहीं, दक्षिण पश्चिम, दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्व बिहार में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
इसके अलावा, अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है। दक्षिण पश्चिम भाग में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जबकि अन्य भागों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।