किशनगंज में एक महिला ने एक साथ 5 बच्चियों को जन्म दिया है। इस बात की जानकारी मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल बन गया। पूरे इलाके में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जाता है कि सभी बच्चियां और उनकी मां स्वस्थ हैं। सभी बच्चियों का वजन एक किलो के अंदर है।
मामला किशनगंज के पोठिया प्रखंड का है। जहां एक प्राइवेट नर्सिंग होम में प्रसव पीड़ा के बाद महिला को भर्ती कराया गया था। महिला की पहचान ठाकुरगंज कनकपुर पंचायत के जालमिलिक गांव निवासी 20 साल की ताहिरा बेगम के रूप में हुई है। बता दें कि महिला को पहले से तीन साल का एक बेटा है। अब वो 6 बच्चों की मां हो गई हैं। परिवार में एक साथ 5 बेटियों के आने को लेकर घर में खुशी का माहौल बना हुआ है।
ताहिरा बेगम ने बताया कि जब वो 2 माह की गर्भवती थी तभी यह पता चला कि पेट में चार बच्चे हैं। बाद में डॉक्टर के पास जब वो चेकअप करवाने गई तो इस बात का पता चला कि उसके गर्भ में 4 नहीं 5 बच्चे पल रहे हैं। तभी से वो काफी डरी हुई थी। लेकिन इलाज कर रही डॉक्टर ने कहा कि डरने की जरूरत नहीं है। फिर मैंने सब ऊपर वाले पर छोड़ दिया और वो पांच बेटियों की मां बन गयी है। ताहिरा को जब पता चला कि उसके पांचों बच्चियां स्वस्थ है तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
वहीं डॉक्टर फरजाना ने बताया कि बहुत मुश्किल से ऐसे केस सामने आते हैं। अल्ट्रासाउंड में पता चला की पेशेंट के पेट में 5 बच्चे हैं। जैसे ही पेशेंट को इस बात की जानकारी हुई वो घबरा गई थी। पेशेंट को समझाया गया कि घबराने की जरूरत नहीं है। हमारी कोशिश रहेगी कि प्रसव सही ढंग से हो। डॉ. फरजाना ने बताया कि यह केस उनके लिए चैलेंज से भरा हुआ था इसके बावजूद उनकी कोशिश रंग लाई और आज ताहिरा बेगम ने एक साथ 5 बेटियों को जन्म दिया। सबसे आश्चर्यजनक बात है कि सभी बच्चियों का जन्म नॉर्मल डिलीवरी से हुआ है।