मधेपुरा के भर्राही ओपी क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर और राजपुर के बीच कार और बाइक की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस टक्कर में बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार सवार एक भोजपुरी गायिका सहित अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई है। फिलहाल सभी घायलों को जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
वहीं, दुर्घटना में घायल बाइक सवार सवार की पहचान गम्हरिया थाना क्षेत्र के चिकनी फुलकाहा वार्ड-7 निवासी प्रमोद यादव के पुत्र शशि कुमार और कुमारखंड थाना क्षेत्र के इसराइन कला पंचायत के अगाढ़ वार्ड-6 निवासी जयप्रकाश यादव के पुत्र कुंदन कुमार के रुप में है। दोनों मधेपुरा के राजपुर स्थित एक कोचिंग में शिक्षक के रूप कार्यरत हैं। वहीं कार सवार की पहचान भोजपुरी सिंगर प्रियंका प्रिया के रुप में हुई है।
मामले को लेकर बताया जा रहा है कि कुंदन कुमार अपने साथी के साथ सुबह करीब छह बजे कोचिंग जा रहे थे। राजपुर चौक से करीब 200 मीटर पश्चिम विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दिया। दुघर्टना में बाइक सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक कुंदन कुमार को गंभीर चोटें आई है। उनके एक पैर की हड्डी टूट गई है। वहीं भोजपुरी सिंगर प्रियंका प्रिया को हल्की चोटें लगी है।