पछुआ हवा बहने की वजह से बिहार में ठंढ़ बढ़ गई है। जिसकी वजह से कई शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जिससे कनकनी बढ़ी है। वहीं पटना-पूर्णिया की हवा भी अन्य शहर के मुकाबले काफी खराब दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में पटना सहित बिहार के 19 शहरों के तापमान में कमी देखने को मिला है जबकि 12 शहरों के तापमान में वृद्धी दर्ज की गई है। वहीं शुक्रवार को सबसे ठंडा शहर 7 डिग्री सेल्सियस के साथ भागलपुर का सबौर रहा। जबकि सबसे गर्म खगड़िया 26 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पछुआ हवा के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लेकिन तापमान में अधिकत्म और न्यूनतम तापमान गिरावट दर्ज नहीं होने के कारण शीतलहर जैसी स्थिति नहीं बन रही है।
भागलपुर सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पटना के न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई है। जिससे पटना का तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस, गया 7.8 डिग्री, शेखपुरा 9.5 डिग्री, औरंगाबाद 9.8 डिग्री, बक्सर 9.7 डिग्री, मोतिहारी 9.4 डिग्री, पूसा 9 डिग्री, जमुई 9.2 डिग्री, बांका 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई है। इसके अलावा अन्य शहरों का तापमान भी 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक आशीष कुमार ने बताया कि असली सर्दी तब लगती है। जब दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिलती है। अभी इस तरह की परिस्थिति होने की कोई संभावना नहीं है। धूप वाली दिन के कारण कड़क ठंड का एहसास नहीं हो रहा है।
पटना की हवा हुई सबसे जहरीली
वहीं, ठंढ के साथ वायु प्रदूषण भी बढ़ा है। पटना, भागलपुर, सीवान सहित राज्य के 7 शहर रेड जोन में शामिल हैं। शुक्रवार को वायु प्रदूषण में पटना का हवा सबसे खराब है गुणवत्ता सूचकांक 425 पहुंच गया है।वहीं पूर्णिया का 419 एक्यूआई दर्ज किया गया है। सबसे बेहतर सासाराम औऱ बिहारशरीफ की हवा है जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 150 के भीतर है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को पटना का हवा दिल्ली से भी ज्यादा जहरीला था।