DHANBAD: धनबाद नगर निगम इलाके में अवैध पानी कनेक्शन और अतिक्रमण को लेकर शहर में निगम का लगातार अभियान चल रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सिटी सेंटर से बरटांड तक औचक जांच अभियान चलाया गया। जांच अभियान में सहायक नगर आयुक्त कंचन भदोरिया, कार्यपालक दंडाधिकारी मोहम्मद अनीस, फ़ूड सेफ्टी इंस्पेक्टर अनिल कुमार सहित निगम के दर्जनों कर्मी मौजूद रहें। जांच के क्रम में चंपारण मीट हाउस और क्वालिटी होटल से जुर्माना वसूला गया। वही तत्काल कई अवैध कनेक्शन को काट दिया गया। जांच अभियान होटल मधुलिका, कावेरी सहित अन्य स्थानों पर चला।
लगातार मिल रही थी शिकायत
कार्यपालक दंडाधिकारी अनीस ने बताया कि लगातार पानी के अवैध कनेक्शन की शिकायत मिली थी। इसी क्रम में चंपारण मीट हाउस पर दस हजार जुर्माना लगाया गया है। होटल क्वालिटी से भी जुर्माना वसूला जाएगा। फिलहाल अवैध कनेक्शन को काट दिया गया है और अन्य स्थलों पर भी जांच की जा रही है।
नाली से अतिक्रमण हटाने को दस दिन
नाली के ऊपर भी स्थाई रूप से निर्माण की जांच की गई। दुकानदारों को हिदायत दिया गया कि 10 दिनों के अंदर नहीं हटाते हैं तो उन्हें तोड़ दिया जाएगा। साथ ही जिन लोगों के पानी के कनेक्शन काटे गए उन्हें वैध तरीके से कनेक्शन लेने को कहा गया। उसके बाद उनके कनेक्शनों को फिर से जोड़ दिया जाएगा। 6 महीने से ज्यादा बकाया वालो का भी कनेक्शन काट दिया गया।