बैसाख महीने की बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर शुक्रवार को गंगा में स्नान करने वाले महिला-पुरुषों की भीड़ उमड़ पड़ी। पटना के गंगा घाट समेत अन्य जिलों में लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई। बेगूसराय में भी विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। खासकर जिले के प्रसिद्ध सिमरिया गंगा घाट एवं झमटीया गंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान को पहुंचे हैं।
गंगा स्नान का खास महत्व
बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आज मन्नत के अनुसार लोग अपने-अपने बच्चों का मुंडन संस्कार करा रहे हैं। गंगा स्नान के बाद लोगों ने भोलेनाथ पर जल अर्पित किया। इस पर्व पर गंगा स्नान करने का खास महत्व है। कहा जाता है कि जो बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर स्नान करता है, उसे ज्ञान प्राप्ति के अलावा सर्वकार्यों की प्राप्ति होती है। बुद्धपूर्णिमा के अवसर पर आज गया में आयोजन किए गए हैं, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर शामिल होंगे। CM नीतीश कुमार ने भी बुद्ध पूर्णिमा पर लोगों को संदेश दिया।