देवघरः देवघर में शनिवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में 2 सरकारी बॉडीगार्ड की मौत हो गई। दोनों बॉडीगार्ड एक मछली व्यवसाई की सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए थे। लेकिन, बेखौफ बदमाशों ने उसी मछली व्यवसाई पर अचानक हमला बोल दिया।
गोलीबारी में दोनों बॉडीगार्ड को गोली लग गई। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वही घटना की सूचना मिलते ही दुमका रेंज के डीआईजी सुदर्शन भगत देवघर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच में जुटे पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस बीच स्थानीय लोगों ने एक बदमाश को पकड़ कर पुलिस के हवाले भी किया है। पकड़ा गया बदमाश बिहार का रहने वाला है।
मछली व्यवसायी पर बदमाशों ने किया था जानलेवा हमला
बताया जा रहा है कि अंडपट्टी मे मछली व्यवसाई सुधाकर झा पर पांच क़ी संख्या मे आये अपराधियों ने अचानक हमला क़र दिया। इस घटना मे सुधाकर झा के दो सरकारी बॉडीगार्ड को गोली लग गई। इस घटना मे दोनों पुलिस जवान क़ी मौत हो गई। मृतक जवान के नाम संतोष यादव और रवि मिश्रा है जो साहेबगंज जिले का रहने वाले है।
वहीं, हमलावरों ने सुधाकर झा को भी गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। देर रात को एसपी सुभाष चन्द्र जाट, सदर एसडिपो पवन कुमार, सीसीआर डीएसपी आलोक रंजन समेत कई पुलिस पदाधिकारी एवम जवान सदर अस्पताल पहुंचे और जांच की। उसके बाद सभी लोग घायल मछली व्यवसाई सुधाकर झा को लेकर घटनास्थल पहुंचे।
मछली व्यवसाई के स्टॉफ पर भी हो चुका है जानलेवा हमला
दो तीन महीने पहले भी सुधाकर झा की दुकान के स्टॉफ पर जानलेवा हमला किया गया था। जिसमें मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया था। बताया जा रहा है कि इस घटना के पीछे किसी अन्य गिरोह का हाथ है। गोलीबारी दोनों ओर से होने की बात बताई जा रही है। पांच से छह राउंड फायरिंग होने की बात बताई जा रही है।
तीन बदमाश हिरासत में
सूत्रों की माने तो पुलिस ने तीन बदमाशों को हिरासत में लिया है। जिसमें एक को पब्लिक ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है। पूरा मामला रंगदारी से जुडा बताया जा रहा है। घटनास्थल के आस पास रहने वाले लोग बताते है कि इस घटना को अंजाम देने वाले बदमाश लगातार पीड़ित को जान से मारने क़ी धमकी दे रहे थे। दो रोज़ पहले भी इनलोगों ने हवाई फायरिंग क़ी थी।
सूत्र बताते हैं कि पुलिस के मौके पर पहुंचते ही बदमाशों ने अंधरे मे दनादन गोलिया चलानी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इसी बीच सुधाकर के सुरक्षा मे लगे दोनों सरकारी गार्ड को गोली लग गई और मौक़े पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।