पटना समेत पूरे प्रदेश में गर्मी का सितम जारी है। गर्म हवाएं कहर बरपा रही हैं। पटना व इसके आसपास सूर्य के तल्ख तेवर के साथ उष्ण लहर जैसी स्थिति बनी रही है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अब लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को भीषण गर्मी की वजह से चार जिलों में जबरदस्त हीट वेव की स्थिति बनी रही, जबकि आठ जिलों में हीट वेव की स्थिति बनने की घोषणा हुई। रविवार को भागलपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया।
साइक्लोन सर्किल का प्रभाव
मौसम विभाग के मुताबिक सतह से 900 मीटर साइक्लोन सर्किल के साथ ही टर्फ रेखा का प्रभाव है। टर्फ रेखा बिहार से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसके साथ बिहार, झारखंड से होते हुए छत्तीसगढ़ तक साइक्लोन सर्किल का प्रभाव है। इस दौरान राजस्थान से गर्म हवाएं बिहार में प्रवेश कर रही है। 19 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाओं के प्रभाव से बिहार में 11 जून तक हीटवेब का असर रहेगा।
मौसम विभाग ने जारी किया एडवाइजरी
मौसम की स्थिति को देखते हुए पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच लोगों को घर- दफ्तर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त पानी पीने और एहतियात बरतने के निर्देश दिये हैं। रविवार को भागलपुर, वाल्मीकि नगर, सबौर, मोतिहारी, शेखपुरा, जमुई, भोजपुर, बांका में हीट वेव (लू) का प्रभाव बना रहा है। वहीं पूर्णिया, फारबिसगंज, खगड़िया और कटिहार भीषण लू की चपेट में रहे। पटना समेत प्रदेश के 20 जिलों के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। पटना में रात 11 बजे तक लोग लू जैसी स्थिति झेल रहे हैं।