RANCHI : धनबाद मंडल कारा में अपराधी अमन सिंह की रविवार को हत्या कर दी गई। इस मामले की जांच सीआईडी करेगी। पुलिस मुख्यालय ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। डीजीपी अजय कुमार सिंह ने सीआईडी जांच के आदेश दिया हैं। डीजीपी ने सीआईडी आईजी के नेतृत्व में टीम का गठन किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी की टीम धनबाद के लिए निकल चुकी है। बता दें कि नीरज सिंह हत्या मामले में जेल में बंद अपराधी अमन सिंह की रविवार की दोपहर तीन बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में धनबाद पुलिस ने गोली मारने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी के बारे में बताया गया कि अमन सिंह को बाइक चोरी के आरोपी ने गोली मारी। आरोपी बोकारो के तेलो निवासी सुंदर महतो है। वह 23 नवंबर को मुनीडीह से बाइक चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उसी ने अमन सिंह को पिस्तौल से सटाकर ताबड़तोड़ 10 गोलियां मार दी। बताया गया कि अमन सिंह अस्पताल के जेल में भर्ती था। वहीं आरोपी सुंदर महतो भी जेल के वार्ड चार नंबर में था। रविवार को आरोपी सुंदर पिस्तौल लेकर जेल अस्पताल पहुंचा। जहां अमन सिंह को बहुत नजदीक से गोली मार कर मौके से भाग निकला। फायरिंग की घटना के बाद पुलिस के द्वारा सीसीटीवी फुटेज करने के बाद पता चला कि आरोपी सुंदर महतो गोली मारने के बाद बाथरूम की ओर भागा। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने गिरफ्त में लेकर पूछताछ कर रही है, जिससे इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों को पहचान किया जा सके।