DHANBAD: धनबाद कोयलांचल में शहर के ऊपर हवाई भ्रमण कराने के उद्देश्य से शुरू की गई योजना गुरुवार दोपहर ध्वस्त हो गई। जब बरवड्डा हवाई पट्टी से उड़ान भरकर एक ग्लाइडर शहर के ऊपर भ्रमण कर रहा था। इसी दौरान ग्लाइडर में तकनीकी खराबी आने की वजह से वह अनियंत्रित होकर बिरसा मुंडा पार्क के समीप एक घर पर जा गिरा। जिससे ग्लाइडर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं उस पर सवार पायलट समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मालूम हो कि ग्लाइडर पिछले कुछ दिनों से धनबाद शहर के ऊपर लोगों को हवाई भ्रमण कराता था। इसी क्रम में गुरुवार को तकनीकी खराबी की वजह से वह अनियंत्रित होकर बरवा अड्डा हवाई अड्डे से 1-2 किलोमीटर दूर जाकर क्रैश हो गया।