RANCHI : झारखंड के दो पुलिस पदाधिकारियों को होम मिनिस्टर मेडल फॉर एक्सलेंस इन इन्वेस्टिगेशन के लिए चुना गया है। जिसमें शुभांशु जैन और प्रमोद कुमार सिन्हा शामिल हैं। प्रमोद कुमार सिन्हा इंस्पेक्टर हैं, जबकि शुभांशु जैन राजधानी रांची के सिटी एसपी हैं। गृह मंत्रालय की ओर से यह जानकारी दी गयी है। केस के बेहतर अनुसंधान के लिए इस साल 140 पुलिस अफसरों को गृह मंत्री मेडल के लिए चुना गया है। इसमें झारखंड के दो पुलिस अफसर शामिल हैं। हर साल 12 अगस्त को इस पुरस्कार की घोषणा की जाती है। स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को यह मेडल प्रदान किया जाएगा।
सबसे ज्यादा सीबीआई के अफसर
गृह मंत्रालय ने सभी पुलिस अफसरों की लिस्ट भी जारी कर दी है। इसमें राज्य पुलिस से लेकर केंद्रीय जांच एजेंसियों (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो, नेशनल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो) के पुलिस अफसर शामिल हैं। सबसे ज्यादा 15 मेडल सीबीआई के अधिकारियों को मिला है। इसके बाद नंबर है एनआईए का। एनआईए के 10 अफसरों को बेहतर अनुसंधान के लिए गृह मंत्री मेडल से सम्मानित किया जायेगा।