जदयू कार्यालय के बाहर जदयू विधायक गोपाल मंडल पत्रकारों के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पत्रकार उनसे खुलेआम पिस्टल लहराने को लेकर सवाल पूछ रहे थे। जिसपर भड़कते हुए गोपाल मंडल ने पत्रकारों को गाली दी। इस मामले पर जदयू पूरी तरह से घिर गई है। भाजपा नेता, गोपाल मंडल के बयान को लेकर सीधा नीतीश कुमार पर हमला बोल रहे हैं। वहीं जब जदयू नेता और मंत्री अशोक चौधरी से इस बारे में सवाल किया गया तो वो महापुरुषों की दुहाई देने लगे। उन्होंने जदयू को महात्मा गांधी, भीमराव आंबेडकर, लोहिया, जेपी और कर्पूरी के विचारों पर चलने वाली पार्टी बताया।
इस तरह की भाषा उचित नहीं
विधायक गोपाल मंडल वाले मामले पर मंत्री अशोक चौधरी को पत्रकारों ने घेर लिया। जिसपर मंत्री अशोक चौधरी को बयान देते नहीं बन रहा था। अशोक चौधरी ने कहा कि जदयू डॉ. भीमराव अंबडेकर और महात्मा गांधी के सिद्धांत पर चलती है। हम राम मनोहर लोहिया और जय प्रकाश नारायण के अनुयायी हैं। उन्होंने कहा है कि हमलोगों की पार्टी में कोई आदमी इस तरह की बात करता है तो वह गलत है। हमलोगों के नेता महात्मा गांधी, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर, लोहिया, जेपी और कर्पूरी जी के विचारों पर चलने वाले लोग हैं। इस तरह की भाषा कहीं से भी उचित नहीं है। चाहे वह कोई हो और किसी भी पार्टी का हो। हम पिस्टल और गोली बारूद वाले लोग नहीं है। हमलोग इस बयान की निंदा करते हैं। इस तरह की भाषा का कहीं से भी हमलोग समर्थन नहीं करते हैं।
गोपाल मंडल ने पत्रकारों को दी गाली
गोपाल मंडल से पत्रकारों ने सवाल पूछा कि आप अस्पताल में पिस्टल लेकर क्यों घूम रहे थे? इस पर गोपाल मंडल ने कहा कि अरे पिस्तौल तो अभियो है मेरे पास। दिखावे। दिखावे पिस्टल। हम रखते हैं पिस्टल। आगे सफाई देते हुए कहा कि पिस्टल को पैजामा में रखें और जैसे सीढ़ी पर कदम रखें न तो पैजामा नीचे गिरने लगा। इसके बाद अरे यार तुमलोग पत्रकार हो क्या हो… हमको मुश्किल लगता है कमर में पिस्टल रखना.. हां – हां लहराएंगे… लहराएंगे तुमलोग…आगे गोपाल मंडल ने ऐसे शब्दों का उपयोग किया जो माननीय को शोभा नहीं देता।