झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर से कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया ‘X’ पर पीएम मोदी के पोस्ट को रिट्विट करते हुए कांग्रेस पर वार किया है। उन्होंने लिखा है कि दूसरों को डराना धमकाना कांग्रेस की संस्कृति रही है। कांग्रेस के इन्हीं हरकतों की वज़ह से 140 करोड़ देशवासियों ने उसे नकार दिया है।
दरअसल, गुरुवार को पीएम मोदी ने अपने एक ट्विट में लिखा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा न्यायपालिका की क्रिया प्रनाली को प्रभावित किया जा रहा है। वकीलों को डराया जा रहा है। साथ ही राजनीतिक एजेंडा चलाने की कोशिश की जा रही है। पीएम मोदी के इसी बात को रिट्विट करते हुए बाबूलाल मरांडी ने लिखा कि दूसरों को डराना धमकाना कांग्रेस की संस्कृति रही है।
उन्होंने लिखा कि कभी प्रतिबद्ध न्यायपालिका का आह्वान करने वाली कांग्रेस, आज न्यायपालिका की संप्रभुता को खतरा पहुंचा रही है। वकील का चोला ओढ़े कुछ कांग्रेसी नेता गुट बनाकर राजनीतिक एजेंडा चलाने के लिए तुच्छ तर्क देकर देश की न्यायपालिका पर अनैतिक दबाव डाल रहे हैं। कांग्रेस के इन्हीं हरकतों की वज़ह से 140 करोड़ देशवासियों ने उसे नकार दिया है।