झारखंड की राजधानी रांची में मौत का खौफनाक मंजर सामने आया है। रांची में एक बार में घुसकर पश्चिम बंगाल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। युवक इस बार में काम करता था। उसकी पहचान संदीप प्रमाणिक उर्फ सैंडी डीजे के रूप में हुई है। गोलीबारी की यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि हाफ पैंट पहने एक शख्स अपना चेहरा ढंककर बार की सीढ़ियों के पास पहुंचता है, जहां डीजे संदीप पहले से ही घर जाने के लिए खड़ा है। हाथ में रायफल और मुंह पर कपड़ा बांधे युवक वहां पहुंचता ही संदीप के सीने में गोली मार देता है। गोली लगने के बाद संदीप लिफ्ट के पास गिर जाता है। वहीं गोली मारने वाला शख्स बाहर आता है और बाहर से बार पर कई बार फायरिंग करता है और फिर अपनी सफेद रंग की कार में बैठकर भाग जाता है।
पूरी घटना रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित एक्सट्रीम बार की है। रविवार की देर रात को यह वारदात अंजाम दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा खुद भी घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
बार में मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि रविवार रात कुछ चार-पांच युवक शराब पी रहे थे, इसी दौरान उनका डीजे संदीप और बार के कुछ अन्य कर्मचारियों से विवाद हो गया। विवाद के बाद झड़प भी हुई लेकिन किसी तरह मामला शांत हो गया। उन्हें शांत कराया गया। लेकिन कुछ देर बाद बार में शराब पी रहे पांचों युवक वापस आए, उस वक्त बार बंद था।
डीजे संदीप और अन्य कर्मचारी बार से निकल रहे थे। उसी वक्त उन पर हमला कर दिया गया। एक युवक ने अपनी राइफल से संदीप के सीने में गोली मार दी। इसके बाद उसने बार में घुसकर कई राउंड फायरिंग की और फिर मौके से फरार हो गया। फिलहाल, पुलिस अपराधियों की तलाश कर रही है।